नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 किलो 6 ग्राम चरस के साथ 19 वर्षीय युवती गिरफ्तार
नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत (CIA-I) की टीम ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बौड चौक, जसूर के पास एक एचआरटीसी (HRTC) बस में सवार एक युवती से 1 किलो 6 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।
28 जून को CIA नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त और मादक पदार्थों की चेकिंग हेतु तैनात थी। इसी दौरान पुलिस टीम को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर की रहने वाली एक युवती एचआरटीसी बस (संख्या HP 38 C 9974) में भारी मात्रा में चरस लेकर आ रही है।
नाके के दौरान उक्त एचआरटीसी बस को रोका गया। तलाशी लेने पर बस में सवार कुमारी गुनगुन (उम्र 19 वर्ष), सुपुत्री शशि कुमार, निवासी गांव खिल्डू, डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के बैग से 1 किलोग्राम 06 ग्राम चरस (सकल वजन) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए चरस को जब्त कर लिया और सैंपल सील कर दिए।
इस संदर्भ में आरोपी युवती के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 व 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
नूरपुर पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालने में जुटी है।
