सुजानपुर : साढे़ 4 वर्षाें का हिसाब सार्वजनिक करें विधायक राजेंद्र राणा-प्रकाश सडयाल

अनूप । सुजानपुर
सुजानपुर भाजपा शहरी इकाई सचिव प्रकाश सडयाल ने सुजानपुर के कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा से उनके साढे़ 4 वर्षाें का हिसाब देने की मांग की है। प्रकाश सडयाल ने कहा कि विधायक ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र का कोई विकास नहीं किया और अब जबकि आने वाले चुनावों में उनको अपनी हार निश्चित दिख रही है, तो वह छटपटा गए हैं तथा बार-बार सरकार को कोस रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की जनता ने इस बार भाजपा को वोट देने का मन बना लिया है। सुजानपुर में आज तक जो भी विकास हुआ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा किया गया। वर्तमान में भी प्रदेश सरकार द्वारा सुजानपुर का विकास करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
प्रकाश ने कहा कि सुजानपुर में भाजपा के पास नेता भी है और कार्यकर्ता भी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कैडर बेस पार्टी है तथा पूरे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। सुजानपुर में भी भाजपा के पास नेताओं और कार्यकर्ताओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुजानपुर को पर्यटन की दृष्टि से कई सौगातें दी है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर की जनता अब वह गलती दोबारा नहीं करेगी, जो उन्होंने पिछले चुनावों में की थी। सुजानपुर में अब झूठ की राजनीति नहीं चलेगी तथा सुजानपुर की जनता ने अब आगामी प्रदेश में बनने वाली भाजपा की सरकार में अपना सहयोग देने का मन बना लिया है।