मंडी: प्रसिद्ध मंदिर माता शिकारी देवी की पहाड़ियों में सीजन की पहली बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में मानसून विदा होने के बाद अक्टूबर में आसमान साफ रहने की उम्मीद होती है। लेकिन प्रदेश के कई क्षेत्रों में अब भी बारिश का दौर जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। वहीं, मंगलवार को मंडी जिले में माता शिकारी देवी मंदिर क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फवारी होने से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। उपमंडल थुनाग की चोटी पर विराजमान माता शिकारी में मंगलवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। पूरे सराज में सोमवार से बारिश का दौर जारी है। मंगलवार दोपहर बाद पारा काम होने से माता शिकारी देवी मंदिर के आस-पास ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। सराज में बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से थुनाग उपमंडल समेत मंडी जिला ठंड की चपेट में आ गया है।
एसडीएम थुनाग विचित्र सिंह ने शिकारी माता मंदिर में सीजन की पहली बर्फबारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रविवार को भी हवा के साथ फाहे गिरे थे, लेकिन मंगलवार को बर्फबारी हुई है। मौसम के खराब होने पर शिकारी माता मंदिर के ओर क्षेत्रों में न जाएं। क्षेत्र में बढ़ती ठंड और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। खराब मौसम के दौरान ऐसी ऊंची पहाड़ियों की ओर रुख न करें, जिन क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना अधिक है। मंडी जिले की सबसे ऊंची चोटी पर विराजमान माता शिकारी के कपाट हर वर्ष 15 नवंबर के बाद से 4 से 5 मार्च तक के लिए बंद रहते हैं। क्योंकि इसके बाद इस क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो जाती है। एहतियात के तौर पर माता शिकारी देवी के कपाट बंद कर दिए जाते हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।