मंडी: 16 से 22 फरवरी तक आयोजित होगा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव, जानें सुरक्षा व्यवस्था
प्रदेश के मंडी जिला में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आगाज़ होने वाला है। 16 से 22 फरवरी तक इस महोत्सव की धूम लगेगी। इस दौरान 800 जवान सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। जिसके लिए मंडी शहर को छह सेक्टरों में बांटा गया है और हर कोने पर पुलिस का पहरा रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी।
इस बात की जानकारी एसपी मंडी विनोद कुमार ने दी उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर को छह सेक्टरों में बांटा गया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव एक बड़ा आयोजन है, जिसके लिए मंडी पुलिस ट्रैफिक प्लान पर भी काम कर रही है। यह प्लान जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। एसपी ने बताया कि उन्हें हाल ही में मंडी पुलिस की कमान सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता चिट्टे जैसे नशीले पदार्थों के तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाना रहेगी। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी की जान न जाए।
बता दें कि इस बार मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंडी पुलिस और प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियां कर रहा हैं। पूरे शहर में रंग-रोगन का कार्य चल रहा है और छोटी काशी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वागत के लिए मंडी पूरी तरह तैयार है।
