कीमते बढ़ी, एक बार फिर रूला गया प्याज़
देश भर में प्याज के दाम आसमान छू रहे है। देश के तमाम शहरों में प्याज की कीमत को लेकर एक जैसा हाल है। कभी प्याज 15 रुपए बिकता था, अब वही प्याज 80 रूपए तक पहुंच गया है। मुंबई में मंगलवार को प्याज 75 से 80 रुपए प्रति किलो बिका रहा है। कुछ दिन पहले ही दिल्ली में प्याज 30 रुपये से 40 रूपये किलो के बीच बिक रहा था, लेकिन चंद दिन में ही वो भाव 80 तक पहुंच चुका है। प्याज की कीमत में अचानक आई तेजी से हर कोई हैरान है। दिल्ली ही नहीं देश के तमाम शहरों में भाव बढ़ गया है। जानकार बताते हैं कि पिछले साल के सूखे ने और इस बार मॉनसून की देरी ने मुश्किलें बढ़ा दीं। इस बार कई जगहों पर मूसलाधार बारिश की वजह से बड़े पैमाने पर प्याज की फसल भी बर्बाद हो गई। नतीजा मंडियों में प्याज की सप्लाई कम हो गयी और कीमतें खरीदारों को रुलाने लगी। प्याज की बढ़ी कीमतों से दिल्ली सरकार लोगों को राहत देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया है कि 80 रुपए बिकने वाला प्याज वो 24 रुपए में मुहैया कराएंगे।