छत्तीसगढ़ : सीआरपीएफ जवान ने साथियों पर बरसाई गोलियां, 4 की मौत, 3 घायल
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सीआरपीएफ के शिविर में एक जवान द्वारा अपने साथियों पर गोली चला देने की घटना सामने आई है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार जवानों की मृत्यु हो गई है तथा तीन अन्य घायल हो गए हैं। सुकमा के लिंगमपल्ली कैंप में ये वारदात हुई। गोली चलाने की वजह साफ नहीं हो पाई है। सोमवार तड़के करीब 3.30 बजे एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके-47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंचे तथा आरोपी जवान को पकड़ा। बाद में हताहत जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपी जवान से पूछताछ की जा रही है।