दिल्ली : तेजिंदर बग्गा को पंजाब ले जा रहे पुलिसवालों को हरियाणा पुलिस ने रोका
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री और दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके निवास से गिरफ्तार किया है। अब तेजिंदर बग्गा की गिरफ्तारी पर सियासी हंगामा बढ़ता जा रहा है. ताजा जानकारी के मुताबिक, तेजिंदर बग्गा को दिल्ली से मोहाली लेकर जा रही पुलिस को कुरुक्षेत्र में हरियाणा पुलिस ने रोक दिया है। अब कुछ देर बाद दिल्ली पुलिस भी कुरुक्षेत्र पहुंच रही है। वहीं, तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के अपहरण मामले में पिता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने पंजाब पुलिस के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 365,342,392, 395ए, 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जनकपुरी थाने पहुंचे दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने तेजिंदर पाल सिंह बग्गा की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस मिलने से बौखलाए हुए हैं। उनका तानाशाही और हिटलरशाही भरा रवैया नजर आ रहा है। इस बीच थाने में तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के पिता की ओर से शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को पंजाब पुलिस की कार्रवाई की सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा कि तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के लोकेशन का अभी तक पता नहीं चला है।