लाल किले से मोदी का रिकॉर्ड तोड़ संबोधन: सबसे लंबा भाषण और लगातार 12वीं बार झंडा फहराया

15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर इतिहास रच दिया। यह उनका लगातार 12वां संबोधन था और अवधि के लिहाज़ से अब तक का सबसे लंबा। सुबह 7:34 बजे शुरू हुआ उनका भाषण 9:17 बजे समाप्त हुआ। कुल 103 मिनट, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का अब तक का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी मोदी के नाम था, जब 2024 में उन्होंने 98 मिनट तक भाषण दिया था।
2014 से 2025 तक बिना कोई साल छोड़े 12 लगातार संबोधन देकर मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का सिलसिला पीछे छोड़ दिया। इंदिरा गांधी ने अपने कार्यकाल में 16 स्वतंत्रता दिवस संबोधन दिए थे, लेकिन उनमें से 11 ही लगातार थे। लगातार संबोधनों में अब मोदी दूसरे स्थान पर हैं, जबकि पहले नंबर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू हैं, जिन्होंने 17 बार लगातार देश को संबोधित किया था।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने की संख्या में मोदी तीसरे स्थान पर हैं, नेहरू 17 बार और इंदिरा गांधी 16 बार के साथ पहले दो स्थान पर हैं। इस बार का स्वतंत्रता दिवस न सिर्फ एक नए रिकॉर्ड का गवाह बना, बल्कि इसने मोदी के लाल किले से संबोधनों के 12 साल के सिलसिले को भारतीय राजनीति के इतिहास में एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया।