नौणी विश्वविद्यालय में मनाया गया वन महोत्सव
डॉ वाई एस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के सिल्वीकल्चर एंड एग्रोफोरेस्ट्री विभाग ने गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में वन महोत्सव मनाया। यह कार्यक्रम भारतीय स्टेट बैंक द्वारा बैंक की 66वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रायोजित किया गया था। इस अवसर पर बांस, कचनार और बियूल के 500 से अधिक पौधे लगाए गए। आने वाले सप्ताह में इस मुहिम के तहत विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 1,600 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
सभा को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. परविंदर कौशल ने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि हम वृक्षारोपण अभियान के दौरान स्थान-विशिष्ट वृक्ष किस्मों का चयन करें ताकि वे अपने स्थानीय वातावरण में ठीक से विकसित हो सकें। डॉ. कौशल ने कहा कि हिमाचल जैसे राज्य में यह जरूरी है कि हम बरसात के मौसम के साथ-साथ सर्दियों के महीनों में भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण करें। उन्होंने कहा कि सर्दियों के महीनों में कई फलों के पेड़ लगाए जाते हैं और इस तरह की गतिविधियों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने वनों में स्थानीय जंगली प्रजातियों के फलों के बड़े पैमाने पर रोपण को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया ताकि जानवरों को उनके प्राकृतिक आवास में भोजन उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विभिन्न मौसमों के लिए पौधारोपण कार्यक्रम विकसित करेगा ताकि विश्वविद्यालय के हरित आवरण को बढ़ाया जा सके। इस अवसर पर डॉ. कौशल ने भारतीय स्टेट बैंक के स्थापना दिवस पर बैंक को बधाई दी।
एसबीआई सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक जवाहर कौल ने कहा कि यह एक महान अवसर हैं क्योंकि अपने अपने क्षेत्रों के दो महान संस्थान पर्यावरण को हरा-भरा करने में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैंक अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत इस तरह की और गतिविधियों में योगदान देगा। इससे पहले निदेशक अनुसंधान डॉ. रविंदर शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और गतिविधि को प्रायोजित करने के लिए एसबीआई का धन्यवाद दिया। सिल्वीकल्चर एंड एग्रोफोरेस्ट्री विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विमल चौहान ने वन महोत्सव और इस पहल के तहत विभाग द्वारा की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। निदेशक विस्तार शिक्षा डॉ. देवेंद्र गुप्ता, छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. जेके दुबे; कुलपति के ओएसडी डॉ एम के ब्रह्मी, एसबीआई से मुख्य प्रबंधक सुधीर कुमार झा, रजनीश कंवर, नौणी शाखा प्रबंधक राजीव गर्ग; वैज्ञानिक, स्टाफ और छात्रों ने इस अवसर पर वृक्षारोपण किया।
