धर्मशाला में भी प्रीपेड टैक्सी, मनमाने किराए पर लगेगी लगाम
शिमला के बाद अब धर्मशाला में भी प्रीपेड टैक्सी सुविधा शुरू करने की तैयारी है। इस व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को सफर शुरू करने से पहले ही किराया पता चल सकेगा और टैक्सी चालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने पर रोक लगेगी।
धर्मशाला पहुंचने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अक्सर टैक्सी किराए को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर पर्यटन सीजन के दौरान मनमाने किराए की शिकायतें सामने आती रहती हैं। प्रीपेड व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को निर्धारित किराया देकर ही टैक्सी सेवा मिल सकेगी।
इस सुविधा के तहत यात्री पहले किराया जमा करेंगे और उसके बाद उन्हें टैक्सी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे किराए को लेकर यात्रियों और टैक्सी ऑपरेटरों के बीच होने वाले विवाद भी कम होने की उम्मीद है।
धर्मशाला प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है और यहां सालभर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रीपेड टैक्सी सुविधा शुरू होने से पर्यटकों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। प्रशासन की ओर से व्यवस्था को लागू करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
