दिल्ली-लेह बस सेवा ने भरी HRTC की झोली, कमाएं 45 लाख ।
केलांग। देश के सबसे ऊंचे और चुनौतीपूर्ण बस रूटों में शामिल दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा ने इस सीजन में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के केलांग डिपो की कमाई बढ़ाई है। केलांग-लेह-केलांग सेक्शन से निगम को करीब 45 लाख रुपये की आय हुई है। दिल्ली-केलांग-लेह के पूरे रूट की आय जोड़ने पर यह रकम और अधिक होने की संभावना है।
इस साल 26 मई को बस सेवा शुरू हुई थी और मौसम की स्थिति को देखते हुए 17 सितंबर को इसे बंद कर दिया गया। करीब साढ़े तीन महीने चली इस सेवा में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पर्यटकों और अन्य यात्रियों ने करीब 990 किलोमीटर लंबे सफर का आनंद लिया।
दिल्ली से लेह के इस रूट पर बस को बारालाचा ला, नकी ला, लाचुंग ला और तंगलंग ला जैसे ऊंचे दर्रों से होकर गुजरना पड़ता है। केलांग से लेह की दूरी करीब 365 किलोमीटर है। ऊंचाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यह रूट यात्रियों के बीच खासा लोकप्रिय है।
HRTC के केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा के अनुसार, इस सीजन में केलांग-लेह-केलांग रूट से करीब 45 लाख रुपये की आय हुई है। उन्होंने बताया कि मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर अगले साल मई में बस सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि दिल्ली-लेह बस सेवा का किराया 1,839 रुपये निर्धारित किया गया था। सर्दियों में भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण यह सेवा हर साल बंद कर दी जाती है और मौसम खुलने के बाद दोबारा शुरू होती है।
