ऊना में जनशताब्दी का ट्रैक बदला, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी
ऊना: ऊना रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह रेल स्विच पॉइंट से छेड़छाड़ के चलते दौलतपुर चौक से नई दिल्ली जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित प्लेटफॉर्म के बजाय दूसरे ट्रैक पर पहुंच गई। अचानक प्लेटफॉर्म बदलने से स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
यात्री प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे और अनाउंसमेंट भी इसी प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने की हो रही थी। इसी बीच ट्रेन मुख्य लाइन से प्लेटफॉर्म-1 की जगह प्लेटफॉर्म-2 की लूप लाइन की ओर चली गई। इसके बाद यात्रियों को फुटओवर ब्रिज के जरिए दूसरे प्लेटफॉर्म की ओर भागना पड़ा।
इस दौरान कुछ यात्री ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में पटरी पार करते हुए भी नजर आए। छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रही महिलाओं और भारी सामान वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
रेल स्विच पॉइंट से छेड़छाड़
ऊना के स्टेशन अधीक्षक विक्रम के अनुसार, असामाजिक तत्वों द्वारा रेल स्विच पॉइंट से छेड़छाड़ की गई थी। इसी वजह से ट्रेन को तत्काल दूसरे प्लेटफॉर्म की दिशा में डायवर्ट करना पड़ा। उनका कहना है कि समय रहते ट्रेन को दूसरे ट्रैक की ओर नहीं मोड़ा जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऊना स्टेशन से रोजाना वंदे भारत समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की आवाजाही होती है। ऐसे में रेल ट्रैक और स्विच पॉइंट जैसे संवेदनशील हिस्सों से छेड़छाड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
