इंदौरा में 20 करोड़ से सुधरेंगी सड़कें, रुके कामों को मिलेगी रफ्तार
इंदौरा, 15 अक्तूबर। विधायक मलेंद्र राजन ने आज वन विश्राम गृह इंदौरा में ग्राम पंचायत भपू और डाहकुलाड़ा के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान पंचायतों में आवश्यक विकास कार्यों, सड़क निर्माण तथा स्थानीय समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी आवश्यकताओं और विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत करवाया। विधायक ने संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए विकास कार्यों को गति देने तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्राथमिकताएं निर्धारित करने पर बल दिया। मलेंद्र राजन ने कहा कि खाड़ी युद्ध के चलते कोलतार के दामों में अचानक हुई बढ़ोतरी से सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। अब इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्य करवाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सड़कों की स्थिति में सुधार होने से लोगों को आवागमन के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
विधायक ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं और जरूरतों से सीधे जुड़े होते हैं। उनके साथ संवाद से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने में सहायता मिलती है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों और जनसमस्याओं को निरंतर सामने लाने का आग्रह किया, ताकि इनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में ग्राम पंचायत भपू के प्रधान प्रताप सिंह, उपप्रधान धर्मेंद्र, संदन शर्मा, प्रेम कुमार, ग्राम पंचायत डाहकुलाड़ा की प्रधान सोनिया, उपप्रधान देवेंद्र, जोगिंदर, सुभाष कालरा, चंद्रमोहन तथा युद्धवीर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
