हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
हिमाचल प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच कई जिलों में सोमवार को मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मैक्लोडगंज के पास भागसूनाग में नाले में बाढ़ आने से पार्किंग में गाड़ियां बह गईं। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पागलनाला में बाढ़ आने से औट-लारजी-सैंज मार्ग बंद हो गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 16 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। विभाग ने एडवाइजरी जारी की है कि भारी बारिश से भूस्खलन, पेड़ गिरने और नदी-नालों का जल स्तर बढ़ने का खतरा है। पर्यटकों, स्थानीय लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है।
सुबह नौ बजे तक पालमपुर में 160 मिमी और धर्मशाला में 130 मिमी बारिश हुई है। मनाली 55 मिमी, कांगड़ा 65 मिमी, भुंतर 51 मिमी, डलहौजी 48 मिमी और कुफरी में 38 मिमी बारिश हुई है। उधर, शिमला-मंडी वाया तत्तापानी सड़क में कई पहाड़ दरके हैं। ऊपरी शिमला में भी कई जगह ल्हासे गिर रहे हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 17.0, सुंदरनगर 22.6. भुंतर 19.8, धर्मशाला 18.8, ऊना 23.5, नाहन 22.6, केलांग 12.4, पालमपुर 19.0, सोलन 20.5, मनाली 18.2, कांगड़ा 20.8, मंडी 21.1, बिलासपुर 24.5, हमीरपुर 24.2, चंबा 22.2, डलहौजी 14.7 और कुफरी 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 12 और 13 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 16 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में 18 जुलाई तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
