हफ्ते के पहले कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार
नए हफ्ते का पहला कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार के लिए बेहद निराशाजनक रहा है। सेंसेक्स अब 59,000 के नीचे जा फिसला है। आज का कारोबार खत्म होने पर मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 872 अंकों की गिरावट के साथ 58,773 तो नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 268 अंकों की गिरावट के साथ 17,490 अंकों पर बंद हुआ है। दो ट्रेडिंग सत्र में सेंसेक्स में 1500 तो निफ्टी में 250 अंकों से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। बाजार में सभी सेक्टर के शेयरों में गिरावट रही। आईटी, बैंकिंग, ऑटो, फार्मा, एफएमसीजी, एनर्जी, मेटल्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस के अलावा मीडिया सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी मुनावसूली दर्ज की गई है। निफ्टी के 50 शेयरों में 5 शेयर केवल हरे निशान बंद हुए तो 45 शेयर में गिरावट देखी गई। तो सेंसेक्स के 30 स्टॉक्स में केवल एक शेयर हरे निशान में बंद हुआ वहीं 29 लाल निशान में बंद हुए हैं। बैंक निफ्टी के सभी 12 शेयर लाल निशान में बंद हुए हैं। गिरने वाले शेयर्स पर नजर डालें तो टाटा स्टील 4.45 फीसदी, एशियन पेंट्स 3.83 फीसदी, विप्रो 2.90 फीसदी, बजाज फाइनेंस 2.89 फीसदी, लार्सन 2.80 फीसदी, बजाज फिनसर्व 2.77 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट 2.70 फीसदी, कोटक महिंद्रा 2.38 फीसदी, टेक महिंद्रा 2.36 फीसदी, सन फार्मा 2.26 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। बाजार में चढ़ने वाले शेयरों पर नजर डालें तो टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 0.90 फीसदी, आईटीसी 0.85 फीसदी, कोल इंडिया 0.60 फीसदी, ब्रिटानिया 0.50 फीसदी, नेस्ले 0.06 फीसदी की की तेजी के साथ बंद हुआ है।
