कश्मीर के शालतेंग में पकड़े गए तीन हाइब्रिड आतंकी
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के बाहरी इलाके शालतेंग में भारतीय सेना की शाखा 2 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस ने तीन कथित हाइब्रिड आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, ''सेना (2 आरआर) और श्रीनगर पुलिस ने तीन एके राइफल, दो पिस्तौल, नौ मैगजीन और 200 कारतूसों की बड़ी खेप के साथ श्रीनगर के बाहरी इलाके में तीन हाइब्रिड आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जांच जारी है।'' इससे पहले रविवार (20 नवंबर) को ही अनंतनाग के बिजबेहरा में सुरक्षाबलों के एक तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का पूर्व सहयोगी सज्जाद तांत्रे मारा गया। तांत्रे को हाल में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद वह सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (PSA) की हिरासत से रिहा हो गया था।
