सागर धनखड़ हत्याकांड: पहलवान सुशील कुमार समेत 18 लोगों पर कोर्ट ने किए आरोप तय
सागर धनखड़ हत्याकांड के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने पहलवान और दो बार के ओलंपिक विजेता सुशील कुमार पर आरोप तय कर दिए हैं। सुशील कुमार के साथ-साथ 17 अन्य लोगों पर भी आरोप तय किए गए हैं। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने सुशील कुमार समेत 18 लोगों पर हत्या, हत्या की कोशिश, दंगा फैलाना, गैरकानून तरीके से भीड़ इकट्ठा करना के साथ साथ अन्य धाराओं के तहत आपराधिक साजिश रचने के आरोप तय किए गए हैं।
बता दें कि साल 2021 में 4-5 मई की रात को सुशील कुमार अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम पंहुचा था और पहलवान सागर धनखड़ के साथ जबरदस्त मारपीट की थी । इस घटना में सागर को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही सुशील कुमार फरार हो गया और 17 दिन बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। फिलहाल सुशील कुमार और हत्याकांड से जुड़े आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं।
