Yogini Stolen Statue: भारत से चुराई गई 1200 साल पुरानी योगिनी की मूर्ति 40 साल बाद लंदन से लाई गई वापिस

भारत से चुराई गई 1200 साल पुरानी योगिनी की मूर्ति 40 साल बाद लंदन से वापस लाई गई है। फिलहाल बकरी के सिर वाली इस खास मूर्ति को पुराना किला स्थित संग्रहालय को सौंप दिया गया है। इस मूर्ति को चित्रकूट के लौरी ग्राम पंचायत के लोखरी गांव के 64 योगिनी मंदिर में स्थािपत किया जाए या इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सौंप दिया जाए इस बात का फैसला बाद में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जाएगा। हांलाकि इस बात की संभावनाए अधिक जताई जा रही है कि इस मूर्ति को उसी मंदिर को फिर से सौंप दिया जाए, जहां से इसे चुराया गया था। आपको बता दें कि 10वीं शताब्दी की बकरी के सिर वाली इस मूर्ति को लगभग 40 साल पहले चित्रकूट से चुराया गया था। करीब 6 महीने पहले इस मूर्ति को भारत लाने की कवायद शुरू हुई थी। बलुआ पत्थर की बनी यह मूर्ति कई मामलों में खास है। यह पहली मूर्ति है जिसमें योगिनी का सिर बकरी का है।