आंध्र प्रदेश के देवरगट्टू में बन्नी उत्सव में हिंसा के चलते 60 लोग हुए घायल, 4 की हालत गंभीर
आंध्र प्रदेश के होलागुंडा मंडल स्थित देवरगट्टू इलाके में दशहरे के दिन मनाए गए बन्नी उत्सव ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें करीब 60 लोग घायल हुए हैं, 4 की हालत चिंताजनक है। दरअसल यहां पर भगवान की मूर्ति को अपने साथ ले जाने के लिए छीना झपटी की जाती है, जिसमें श्रद्धालु एक-दूसरे के सिर पर लाठियों से हमला करते हैं। माला मल्लेश्वर मंदिर के निकट यह समारोह, एक दानव पर भगवान शिव की जीत को याद करने के लिए मनाया जाता है।
इस साल भी दशहरे के दिन आंध्र प्रदेश पुलिस के काफी रोकथाम के बावजूद कोरोना महामारी के नियमों को धज्जियां उड़ाते हुए बड़ी धूमधाम से बन्नी उत्सव मनाया गया। रात के करीब 12 बजे माला मल्लेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद यह उत्सव शुरू हुआ। यह उत्सव सुबह तक चला, जो हिंसक रूप ले लिया।
देवरगट्टू के आस-पास के करीब 11 गांवों से हजारों लोग इस प्रथा में भाग लेने के लिए आए। इन गांवों के लोग दो भागों में बंट गए थे। फिर भगवान की मूर्ति को अपने साथ ले जाने के लिए छीना झपटी शुरू हुई। फिर एक गुट दूसरे गुट के लोगों पर लाठियां बरसाने लगे। जिसकी वजह से यह उत्सव हिंसक रूप ले लिया, डंडों की चोट लगने से करीब 60 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
