अब तक 85 की जान गई , 30 अब भी लापता ; 718 करोड़ की सम्पति लील गई आपदा

हिमाचल प्रदेश में अब तक मानसून में 85 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 30 लोग अब भी लापता हैं। अब तक 718 करोड़ की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हो गई है। प्रदेश में 174 सड़कें, 162 बिजली ट्रांसफार्मर और 755 जल आपूर्ति योजनाएं अभी भी बाधित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 136 सड़कें, 151 बिजली ट्रांसफार्मर व 137 जल आपूर्ति योजनाएं बंद हैं। इसके अलावा धर्मशाला, नूरपुर और देहरा में 603 पेयजल योजनाएं ठप हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून कुछ कमजोर पड़ा है। बीते सप्ताह के दौरान सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। अगले पांच दिन ज्यादा वर्षा होने के आसार नहीं हैं। वीरवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिला में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को भी इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा
प्रदेश में पहली से आठ जुलाई के बीच औसतन 47.4 मिलीमीटर सामान्य वर्षा होती है, लेकिन इस बार 38.8 मिलीमीटर बादल बरसे हैं। लाहुल स्पीति जिला में वर्षा नहीं हुई है। चंबा में सामान्य से 59 प्रतिशत कम, कुल्लू में 46 प्रतिशत, किन्नौर में 42 प्रतिशत, कांगड़ा में नौ प्रतिशत और शिमला में सामान्य से छह प्रतिशत कम बादल बरसे हैं। इसके विपरीत ऊना जिला में सामान्य से 91 प्रतिशत ज्यादा, मंडी में 22 प्रतिशत, सिरमौर में 13 प्रतिशत, बिलासपुर में 25 प्रतिशत व हमीरपुर में सामान्य से 19 प्रतिशत ज्यादा वर्षा हुई।