छत्तीसगढ़ के जशपुर में दशहरे के दिन हुआ दर्दनाक हादसा, विपक्ष ने मांगा राज्य के गृह मंत्री का इस्तीफा
छत्तीसगढ़ के जशपुर में दशहरे के दिन दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने जा रहे लोगों को बेरहमी से कुचल दिया है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं करीब 20 लोग घाटल हैं। लोगों को कुचलने के बाद ड्राइवर ने कुछ दूर तक कार भगाई, लेकिन बाद में वो पकड़ा गया और फिर लोगों ने उसके साथ मारपीट की और कार को फूंक दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक का नाम बबलू विश्वकर्मा है और दूसरे का नाम शिशुपाल साहू है।
इस घटना के बाद अब राज्य में सियासत तेज हो गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यूपी के लखीमपुर खीरी जा सकते हैं तो उन्हें जशपुर जाकर भी लोगों का हाल लेना चाहिए। जशपुर हादसे की तुलना बीजेपी, लखीमपुर से करने में जुट गई है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट किया है, ''छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक तेज रफ्तार गाड़ी हिंदुओं के धार्मिक जुलूस के ऊपर से चढ़ गई। हिंदुओं पर सांप्रदायिक प्रोफाइलिंग और हमले का ये दूसरा ऐसा उदाहरण है, जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गांधी भाई-बहनों को यूपी में राजनीतिक आधार ढूंढने के लिए मदद करने में व्यस्त हैं।'' हादसे के बाद विपक्ष ने अब राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का इस्तीफा मांगा है।
