महाराष्ट्र के बाद अब इन राज्यों में भी पहुंचा लाउडस्पीकर विवाद
महाराष्ट्र से शुरू हुआ लाउडस्पीकर विवाद अब धीरे-धीरे दूसरे राज्यों में जाता दिख रहा है। कई राज्यों में सरकार इसे लेकर दिशा निर्देश जारी कर चुकी है। इस दिशा निर्देश के बाद लोकल स्तर पर प्रशासन ने भी इन्हें लागू कराना शुरू कर दिया है। इन सबके बीच वहां की सियासत भी गरमाने लगी है। महाराष्ट्र से चलकर लाउडस्पीकर विवाद सबसे पहले उत्तर प्रदेश पहुंचा। यहां पिछले दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर कई दिशा निर्देश दिए और बिना अनुमति के लगे लाउडस्पीकरों को हटाने के आदेश दिए। 23 अप्रैल को इस संबंध में आदेश का नोटिफिकेशन भी जारी हो गया। इस आदेश के बाद ही पुलिस एक्शन में आ गई और लगातार यूपी के अलग-अलग जिलों में अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं। अगर यूपी के गाजियाबाद की बात करें तो यहां गुरुवार को ही पुलिस ने करीब 250 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए। पूरे प्रदेश की बात की जाए तो अब तक यहां 37002 लाउडस्पीकर हटाए जा चुके हैं। 54593 लाउडस्पीकर से आवाज कम की जा चुकी है। लाउडस्पीकर विवाद का ही नतीजा है कि इस बार यूपी सरकार ने अलविदा जुमे की नमाज के मौके पर भी रोड पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी है। लाउडस्पीकर विवाद मध्य प्रदेश तक भी पहुंच चुका है। यहां खारगोन में राम नवमी के दौरान हुई हिंसा के बाद से हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच तनाव की स्थिति है। वहां अब भी कर्फ्यू लगा है। टेंशन के बीच लाउडस्पीकर विवाद यहां भी पहुंचा गया है।
