क्रिसमस व नए साल के जश्न को लेकर कई राज्यों में अलर्ट, जानिए कहाँ बढ़ी सख्ती
देश में जानलेवा कोरोना वायरस के खतरनाक ओमिक्रोन वेरिएंट से अबतक 341 लोग संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग की। मीटिंग के बाद पीएम मोदी ने देशवासियों को भी सावधान और सतर्क रहने की सलाह दी। ओमिक्रोन के खतरे के बीच कोरोना की आने वाली लहर के खिलाफ देश का मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर कितना तैयार है, पीएम मोदी ने इस बात का पूरा अपडेट लिया। वहीं, क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर केंद्र की ओर से राज्य सरकारों को निर्देश जारी किए गए हैं। केंद्र सरकार की गाइडलाइन्स के अलावा राज्य भी कोरोना से निपटने के लिए फैसले ले रहे हैं। मध्य प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर की आहट से पहले एहतियातन मध्य प्रदेश में एक बार फिर नाइट कर्फ्यू लागू हो गया है तो महाराष्ट्र में भी नाइट कर्फ्यू लौटने का अंदेशा बढ़ गया है, क्योंकि महाराष्ट्र ओमिक्रोन के मामले में भी नंबर वन है। दिल्ली से लेकर गुजरात और तेलंगाना तक ओमिक्रोन की दहशत बढ़ रही है। राज्य सरकारें मीटिंग पर मीटिंग कर रही हैं। क्रिसमस और नए साल के जश्न समेत शादियों में लोगों की मौजूदगी पर आज ही नई गाइडलाइन आ सकती है। ओमिक्रोन के नए लहर को देखते हुए तेलंगाना के लोगों में भी चिंता ज्यादा बढ़ गई है। इसी क्रम में वहां के एक गांव में स्वैच्छिक लॉकडाउन का एलान किया है। ग्रामिणों ने यह फैसला इसलिए लिया है कि गांव में ओमिक्रोन के मामलों में वृद्धि न हो।
