नादौन में बोले अमित शाह- मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए नहीं लगने वाला सुक्खू का नंबर

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को हिमाचल के नादौन विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान शाह ने हिमाचल कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष और नादौन के विधायक सुखविंदर सुक्खू पर जोरदार तंज कसा है। शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा के विकास के आगे 8 से 10 लोगों को मुख्यमंत्री बनाने का शगुफा छोड़ रखा है, इसी तरह की गलतफहमी में नादौन के प्रत्याशी भी घूम रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए सुक्खू का नंबर लगने वाला नहीं है। कांग्रेस तो राजा रानियों का काम है। कांग्रेस के प्रत्याशी खुद को यहां क्यों सहला रहे हैं। CM बनने के लिए कांग्रेस में किसी बड़े नेता का बेटा या बेटी होने का हिसाब भी देना पड़ता है। परिवारवाद का हिसाब रखना पड़ता है, लेकिन लोकतंत्र में राजा रानियों का कोई स्थान नहीं है। अब समय बदल चुका है और कांग्रेस के यहां के प्रत्याशी को भी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।