आज आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे अमित शाह, देर रात पहुंचे देहरादून
उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी चिंता में है। इसी के मद्देनजर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को देर रात देहरादून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने केन्द्रीय गृहमंत्री का स्वागत किया। अमित शाह आज उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जानकारी अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को आपदा प्रभावित स्थानों का पहले हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उसके बाद जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों की बैठक लेंगे और दिशा-निर्देश देंगे। प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी कार्यक्रम 24 अक्तूबर तक स्थगित कर दिए हैं। शहीद सम्मान यात्रा भी टाल दी गई है। कैबिनेट मंत्रियों ने भी अपने कार्यक्रम टाल दिए हैं।
