जम्मू में सेना ने लिया 5 जवानों की शहादत का बदला, 5 आतंकी किए ढेर
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने हमारे पांच जवानों की शहादत का बदला ले लिया है। यहां शोपियां में आज एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। इनमें से एक आतंकी की पहचान गांदरबल के मुख्तार शाह के रूप में हुई है, जिसने बिहार के एक रेहड़ी वाले वीरेंद्र पासवान की हत्या कर दी थी। कश्मीर जोन पुलिस ने बताया है कि शोपियां मुठभेड़ में मारे गए तीनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के हैं। फिलहाल दो आतंकियों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने बताया है कि आतंकियों के पास से हथियार और गोला बारूद समेत आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बता दें कि कल अनंतनाग और बांदीपुरा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे। हालांकि इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने अनंतनाग जिले के वेरिनाग इलाके के खागुंड में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। आतंकवादियों के सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने से अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया।
