आज जेल से रिहा होंगे आर्यन खान, औपचारिकताएं हुई पूरी
जमानत मिलने के बावजूद भी आर्यन खान शुक्रवार को घर नहीं जा सके थे। दरअसल, कोर्ट का आदेश मिलने में देरी से रिहाई की औपचारिकताएं पूरी नहीं हो पाईं। अब आज यानि शनिवार को आर्यन की रिहाई होगी। आर्यन के वकीलों को हाईकोर्ट का आदेश तो मिल गया था, लेकिन रिहाई प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे जेल तक समय पर नहीं पहुंचाया जा सका था। इसलिए उसे शुक्रवार की रात भी जेल में गुजारनी पड़ी। वही आर्यन खान को जेल से रिहा कराने उनके पिता शाहरुख खान पहुंच चुके हैं। आर्यन की रिहाई के लिए शाहरुख खान का बॉडीगार्ड जेल के अंदर गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें आर्यन खान की बेल के कागज मिल चुके हैं। इससे पहले आर्यन खान को रिहा करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने आर्थर रोड जेल के बाहर लगी जमानत पेटी सुबह तड़के 5:30 बजे ही खोलकर जमानती आदेश निकाल लिए थे। आर्यन की जमानत के लिए कल रात में ही जमानती कागज की भौतिक प्रति पेटी के अंदर रखी गई थी। हाईकोर्ट ने आर्यन को एक लाख का निजी बांड भरने और पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश दिया है। जस्टिस एनडब्ल्यू सांब्रे ने फैसले के पांच पन्नों के प्रभावी अंश की प्रति पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद आर्यन के वकील आदेश की प्रति विशेष अदालत ले गए। सत्यापन के बाद विशेष अदालत से रिहाई का कागज साढ़े पांच बजे तक जारी नहीं किया जा सका। अभिनेत्री जूही चावला आर्यन की जमानतदार बनीं। उन्होंने अदालत में एक लाख रुपये का बांड भरा। बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा आर्यन खान को कुछ शर्तों पर जमानत दी गई है। केस में फंसा आर्यन खान अब मुंबई छोड़कर कहीं जा नहीं सकता है। इसके साथ ही उसे अपना पार्सपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है। उसे हर शुक्रवार सुबह एनसीबी के सामने पेश होना होगा। साथ ही, आर्यन खान कोर्ट में चल रही कार्रवाई पर किसी भी तरह का कोई बयान नहीं दे सकता है।
