अटल बिहारी वाजपेयी की चौथी पुण्यतिथि आज, पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज चौथी पुण्यतिथि है। अटल समाधि स्थल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली स्थित पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल 'सदैव अटल' पर राष्ट्रपति द्रौपदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से लेकर मोदी सरकार के तमाम मंत्रियों ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी 'अटल सदैव' समाधि स्थल पहुंचे और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का आज ही के दिन साल 2018 में निधन हो गया था। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे थे। वह भारतीय जनता पार्टी के सह-सस्थापक भी थे। वह भारत के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया था। हालांकि, एक बार वह मात्र 13 दिन और दूसरी बार 13 महीने के लिए पीएम बने थे. 27 मार्च 2015 को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था।
