सिद्धू मूसेवाला के पिता ने किया विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान

पंजाब के दिवगंत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ के बाद मीडिया से बातचीत में बलकौर सिंह ने कहा कि उनके बेटे को इंसाफ नहीं मिला है, इसलिए वे विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेकर न्याय दिलाने की कोशिश करेंगे। बलकौर सिंह ने आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में दिनदहाड़े सरेआम हत्याएं हो रही हैं, जिसमें उनके बेटे की हत्या भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कई आरोपित आज भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। बलकौर सिंह ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है और संविधान की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की जरूरत है। बलकौर सिंह मानसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। साल 2022 में सिद्धू मूसेवाला ने भी इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला से हार गए थे। सिद्धू मूसेवाला ने 2022 में पंजाब कांग्रेस जॉइन की थी, उस वक्त नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष थे।