भारत बायोटेक ने कहा, कोवाक्सिन की डोज़ के बाद बच्चों को ना दें पेनकिलर्स
देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच केंद्र सरकार ने कोरोना टीकाकरण के तहत 15-18 वर्ष के बीच के बच्चों के लिए टीकाकरण की मंजूरी दी थी। जिसके बाद भारत बायोटेक ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा है कि उसकी COVID-19 वैक्सीन कोवाक्सिन का डोज दिए जाने के बाद किसी भी दर्द निवारक या पेरासिटामोल दवा को दिए जाने सिफारिश नहीं की जाती है। भारत बायोटेक का यह बयान उस समय आया है जब उसे फीडबैक मिला कि कुछ टीकाकरण केंद्र बच्चों के लिए कोवैक्सीन के साथ तीन पैरासिटामोल 500mg टैबलेट लेने की सिफारिश कर रहे हैं। इस पर कंपनी ने साफ करते हुए कहा है कि इस तरह के कदम उठाए जाने की आवश्यकता नहीं थी।
भारत बायोटेक का कहना है कि कुछ अन्य COVID-19 वैक्सीन लगाए जाने पर बुखार की शिकायत होने पर पैरासिटामोल दिए जाने की बात कही गई है। वहीं कोवाक्सिन के डोज के बाद किसी तरह के पैरासिटामोल या दर्द निवारक को रिकमेंड नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि 30 हजार लोगों पर किए गए उनके क्लिनिकल टेस्ट में लगभग 10 से 20 प्रतिशत पर ही साइड इफेक्ट्स देखने को मिला, इनमें से अधिकतर काफी हल्के सिम्पटम दिखाई दिए, जो 1-2 दिन में ठीक हो गए, जिन्हें किसी तरह की दवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। बता दें कि पिछले महीने ही भारत के औषधि महानियंत्रक ने कुछ शर्तों के साथ 12 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों के लिए स्वदेशी रूप से विकसित भारत बायोटेक के कोवाक्सिन को इमरजेंसी इस्तेमाल को मंजूरी दी थी।
