कश्मीरी पंडित दुकानदार के सेल्समैन की हत्या में हुआ बड़ा खुलासा, जानिए क्या है पूरा मामला
श्रीनगर शहर में सोमवार शाम आतंकवादियों ने कश्मीर पंडित दुकानदार के एक सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में खुलासा हुआ है कि दुकानदार मालिक संदीप पिछले महीने मारे गए माखन लाल बिंदु के रिश्तेदार हैं। अब पुलिस ये छानबीन कर रही है कि कहीं आतंकियों का निशाना कश्मीरी पंडित संदीप मावा तो नहीं थे। सोमवार को वारदात होने से दो घंटे पहले ही संदीप मावा अपनी दुकान से जा चुके थे। उनका सेल्समैन मोहम्मद इब्राहिम खान दुकान बंद कर संदीप की कार में बैठने जा रहे थे तभी आतंकियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।
पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने बांदीपुरा जिले के निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान पर बोहरी कदल में रात करीब आठ बजे गोली चलायी थी। खान को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। खान पास के महाराजगंज इलाके में एक सेल्समेन के तौर पर काम करता था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। खान की हत्या पिछले 24 घंटे में आतंकवादियों द्वारा किया गया दूसरा हमला है। इससे पहले रविवार शाम बटमालू इलाके में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
