उपचुनाव के नतीजों में बीजेपी को लगा झटका, हिमाचल में मिली शिकस्त, पश्चिम बंगाल में लहराया टीएमसी का परचम
भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने 29 विधानसभा सीटों के लिए हाल में हुए उपचुनावों में मंगलवार को 14 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने आठ सीटें जीती है। इस उपचुनाव के परिणाम हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में सत्तारूढ़ दलों के पक्ष में रहे है। हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा को बड़ा झटका देते हुए विपक्षी दल कांग्रेस ने तीनों विधानसभा सीटों फतेहपुर, अर्की और जुबल-कोटखाई और प्रतिष्ठित मंडी लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को राज्य में हुए उपचुनावों में मतदाताओं का जोरदार समर्थन मिला। टीएमसी में राज्य की सभी चार विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की, जिसमें वे दो सीटें भी शामिल हैं जो उसने भाजपा से छीनी है। तृणमूल कांग्रेस को 75.02 प्रतिशत वोट मिले। देश के 13 राज्यों में हुए उपचुनावों के परिणाम भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस के लिए भी मिलेजुले रहे। कांग्रेस ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में बढ़त हासिल की और भाजपा से सीटें छीनी, लेकिन कांग्रेस को असम, मध्य प्रदेश और मेघालय में नुकसान हुआ।
