बारिश के बाद फंसे पर्यटकों को बीआरओ ने निकाला, आज सात जिलों में भारी वर्षा का फोरकास्ट

मंगलवार को हुई भारी वर्षा से लाहुल स्पीति जिले में बाढ़ से खासा नुकसान हुआ। दोपहर बाद मनाली-शिंकुला-जंस्कार, मनाली-बारालाचा-लेह व मनाली-काजा-समदो मार्ग पर कई जगह नालों में बाढ़ आ गई। इसके बाद लगभग चार हजार पर्यटक पांच घंटे तक यहां फंसे रहे।जिंगजिंगबार के पास बाढ़ आने से बर्फ देखने बारालाचा गए लगभग तीन हजार व शिंकुला के समीप एक हजार से अधिक पर्यटक घंटों फंसे रहे। रात आठ बजे सड़क बहाल होते ही पर्यटक अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। बीआरओ ने फंसे पर्यटकों को सकुशल निकाला। वहीँ स्पीति घाटी में लोसर के समीप नाले में बाढ़ आने से चार वाहन मलबे में फंसने की सुचना हैं।
हिमाचल में मंगलवार को शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू व लाहुल स्पीति में वर्षा हुई है। वहीँ, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और ऊना जिलों में एक से दो स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भूस्खलन और बिजली, पानी और अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीँ वर्षा के बाद प्रदेश में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।