BSF ने पंजाब सीमा पर पाकिस्तानी नागरिक को किया गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल के जवान देश में किसी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए लगातार सीमाओं पर कड़ा पहरा लगाते रहते हैं। बुधवार को पेट्रोलिंग के दौरान पाकिस्तान की ओर से आए एक नागरिक को सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गिरफ्तार किया है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर पंजाब के फाजिल्का जिले में एक पाकिस्तानी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तानी नागरिक का नाम नजीब उल्ला खान बताया जा रहा है, जो पाकिस्तान में मियां वाली गली जिला के मल्ला खेड़ा गांव का निवासी है।
सुरक्षाबलों की ओर से बताया गया है कि बुधवार सुबह उन्हें सीमा पर कुछ संदिग्ध गतिविधी दिखाई दी थी। जिसके बाद जांच करने पर उन्होंने 270/11 सीमा पिलर के पास से भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे नजीब को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसके पास से किसी प्रकार का कोई घातक हथियार बरामद नहीं हुआ है। सुरक्षाबलों का कहना है कि नजीब की तलाशी ली जाने पर उसके पास से उसका पहचान पत्र, एक एल्युमिनियम का डिब्बा और दो पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद हुए हैं। फिलहाल बीएसएफ इस मामले की जांच कर रहा है।