आज से शुरू होगा बजट सत्र, इकनॉमिक सर्वे पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। साल का पहला सत्र होने के कारण परंपरा के अनुसार सत्र की शुरूआत राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से होगी। कोरोना के लगातार बढ़ रहे खतरे के बीच कई तरह की पाबंदियों के साथ संसद का यह बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। यहां तक कि पहले दो दिनों को छोड़कर संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा को दो शिफ्टों में चलाने का फैसला किया गया है। कोरोना काल के साथ-साथ यह सत्र चुनावी माहौल में भी शुरू होने जा रहा है। 2 फरवरी से कोविड प्रोटोकॉल के तहत लोक सभा और राज्य सभा की कार्यवाही दो शिफ्टों में चलेगी। संसद के उच्च सदन राज्य सभा की कार्यवाही सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर बाद 3 बजे तक चलाने का फैसला किया गया है। इसके एक घंटे बाद यानि शाम 4 बजे लोक सभा की कार्यवाही शुरू होगी, जिसे रात 9 बजे तक चलाने का फैसला किया गया है। फिलहाल यह व्यवस्था बजट सत्र के पहले चरण यानि 11 फरवरी तक के लिए ही की गई है।
संसद सत्र को लेकर सरकार के साथ-साथ विपक्ष ने भी अपनी तैयारी कर ली है। विपक्ष के पास मुद्दों की भरमार है जिसके सहारे वो सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। संसद सत्र से ठीक पहले पेगासस सौदे को लेकर एक विदेशी अंग्रेजी अखबार द्वारा किए गए खुलासे को लेकर विपक्षी दल सरकार के खिलाफ दोनों सदनों में मोर्चा खोलते नजर आएंगे। पांच राज्यों में हो रहे चुनाव और किसान संगठनों की सक्रियता का असर भी बजट सत्र के पहले चरण में पड़ना तय माना जा रहा है। बता दें कि संसद का यह बजट सत्र दो चरणों में चलेगा। पहले चरण में सदन का सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 11 फरवरी तक चलेगा और दूसरे चरण के अंतर्गत यह 14 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगा।
