जय बूढ़ेश्वर मेले में दिखी रौनक, मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिला सचिव सुनील कश्यप
बोहली, 27 सितंबर। जय बृजेश्वर मेला बोहली का आयोजन धार्मिक आस्था, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। मेले में भाजपा सोलन जिला सचिव सुनील कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर अमित शर्मा, जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ तथा मोहित शर्मा, अध्यक्ष युवा मोर्चा धर्मपुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेला आयोजन समिति की ओर से प्रदीप जी एवं मदन जी ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि सुनील कश्यप ने बृजेश्वर महाराज के मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि जय बृजेश्वर मेला बोहली क्षेत्र की धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हर वर्ष स्थानीय लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा मेले के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मेले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में नजर आया।
आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का मेले को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
