कैबिनेट : प्रदेश में भरे जाएंगे सैंकड़ों पद, मंडी के पांगणा में खुलेगा कॉलेज
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में वीरवार को कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में वन मंत्री राकेश पठानिया व सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी के आलावा सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद थे। मंत्रिमंडल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए शीर्ष संस्थान के रूप में कार्य करने, स्पेशियलिटी एवं सुपर स्पेशियलिटी स्तर की चिकित्सा सेवाओं में नोडल संस्थान के रूप में कार्य करने और चिकित्सकों, नर्सों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करने तथा अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित करने और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सुविधाएं प्रदान करने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता ज्ञापन के प्रारूप को मंजूरी प्रदान की। कैबिनेट ने पीटीए नीति बंद होने के पश्चात 3 जनवरी, 2018 के बाद ग्रांट इन एड आधार पर रखे गए या दोबारा रखे गए तथा 2006 आरएंडपी नियमों के अनुसार योग्यता पूर्ण करने वाले 40 पीटीए अध्यापकों की सेवाओं को संभावित तिथि से बहाल करने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिला के राजकीय उच्च पाठशाला खोली, ठाकुरद्वारा और बांदल और कुल्लू जिला के राउपा चौंग और शाट को रावमापा और कुल्लू जिला की रामापा तांदी, पाशी, टिंडर और माशना, कांगड़ा की रामापा धमेड़ तथा मंडी की रामापा देवीदड़ को राउपा में, मंडी की राप्रापा ओखली, टिक्की और भरेचीनाल को रामापा में स्तरोन्नत करने तथा आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया।
मंत्रिमंडल ने कांगड़ा की रावमा पाठशाला बीरता और बौहड़ क्वालू में विज्ञान और वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने, कुल्लू की रावमापा शियाह में वाणिज्य एवं गणित की कक्षाएं आरंभ करने, मंडी के रावमापा भाटकीधार में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने, कुल्लू की राप्रापा घोड़ीगाड़ को रामापा और रामापा नलहाच को राउपा में स्तरोन्नत करने, मंडी के शिक्षा खंड बगस्याड़ के अन्तर्गत राप्रापा बस्सी को राजकीय केन्द्रीय प्राथमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, राप्रापा मंगन को पुनः शुरू करने, मंडी की राप्रापा शिल्लीबागी एवं दारन को रामापा में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। कैबिनेट ने शिमला के निकट ढली में बस अड्डे के प्रस्तावित भवन की छत की ढलान में 3.25 मीटर तक की छूट प्रदान करने, सिरमौर में छात्रों की सुविधा के लिए राजकीय स्नातक महाविद्यालय नारग को पुनः आरंभ करने, शिमला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के देहा में नई ITI खोलने व इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 26 पदों को सृजित करने, मंडी के पांगणा में राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पदों को सृजित कर भरने व इस महाविद्यालय की अधोसंरचना विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपए के प्रावधान को स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट ने क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए कुल्लू के कोटासेरी में नया पशु औषधालय खोलने, शिमला के कसुम्पटी में स्थित पशु औषधालय डूमी को पशु चिकित्सा अस्पताल में स्तरोन्नत करने, मंडी जिले के बालीचौकी में नया पुलिस थाना खोलने व इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 34 पदों के सृजन, कांगड़ा जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लप्याना में चिकित्सा अधिकारी का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने चंबा के बाथरी में नया विकास खंड कार्यालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 7 पदों को सृजित कर भरने, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के मानदंडों के अनुसार राज्य में स्नातक स्तर के तकनीकी संस्थानों में कार्यरत मौजूदा नियमित शिक्षण संकाय (टीचिंग फैकल्टी) और पुस्तकालयाध्यक्षों के लिए वेतन संरचना में संशोधन को मंजूरी प्रदान की। यह संशोधित वेतनमान संभावित तिथि से दिया जाएगा तथा दिनांक एक जनवरी 2016 से आज तक के बकाया का भुगतान राज्य सरकार के आदेशानुसार किया जाएगा।
कैबिनेट ने वन विभाग में अधीक्षक ग्रेड-1 के 3 पदों को सृजित करने और अधीक्षक ग्रेड-2 के 7 पदों को अधीक्षक ग्रेड-1 में स्तरोन्नत करने, मंडी की करसोग तहसील के अन्तर्गत मथाल, सनारली, मनोला, कंडी-3, भनेरा, नवीधार तथा कुठेड़ में सात नए पटवार वृत्त बनाने, मंडी के कोटला-खुनला, खारसी और झरड़ में 3 नए पटवार वृत्त बनाने, कुल्लू के नग्गर में नई तहसील खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 15 पदों के सृजन, कुल्लू की उप-तहसील निथर के अंतर्गत गाठू में नया पटवार वृत बनाने, कुल्लू तहसील के अंतर्गत नया पटवार वृत कराड़सू बनाने को मंजूरी प्रदान की गई। कैबिनेट ने मंडी की करसोग तहसील के अंतर्गत अशला में नई उप-तहसील खोलने और विभिन्न श्रेणियों के 12 पद सृजित करने, मंडी की चच्योट तहसील में कानूनगो वृत मजोठी बनाने के साथ आवश्यक पदों को सृजित कर भरने, गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में कंपनी कमांडर के चार पदों को अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से भरने, विवेकानंद मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट पालमपुर को बीएससी नर्सिंग की 40 सीटों के लिए एनओसी प्रदान करने का भी निर्णय लिया।
कैबिनेट ने शिमला की राजकीय उच्च पाठशाला खगना, जोर्ना और अन्नाडेल को राजकीय माध्यमिक पाठशाला तथा मंडी की उच्च पाठशाला गहंग, पपलोटू, गरलोग, रियागड़ी, सियून, बबली और छन्यारा को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, शिमला की राजकीय माध्यमिक पाठशाला अंतरवली को राउपा और मंडी की रामापा सरही, भनेरा, खील, पंजैन, फुटाखल, दुगराई, देवीदड़, ढाबन, पुराना बाजार करसोग, मेहरान, खरकन, अनाह और सुमनीधार को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 164 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। वहीं कैबिनेट में मंडी की रावमापा मलोह का नाम बदलकर शहीद दीनानाथ रावमापा मलोह करने, कुल्लू के मनाली विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति मंडल कटराईं के अन्तर्गत नग्गर में नया जल शक्ति उप-मंडल खोलने, सिरमौर के राउपा डिब्बर को रावमापा और रामापा कुफर और धनेश्वर को राउपा में स्तरोन्नत करने और विभिन्न श्रेणियों के 26 पदों के सृजन का निर्णय लिया गया।
कैबिनेट ने प्रदेश की 29 नगर परिषदों में लेखाकारों के 29 पदों के सृजन, 9 नगर परिषदों रामपुर, रोहड़ू, बिलासपुर, बद्दी, हमीरपुर, नाहन, सुंदरनगर, कांगड़ा और नूरपुर में सहायक अभियंताओं के 9 पदों को सृजित ने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) नालागढ़ को 200 बिस्तरों वाले स्वास्थ्य संस्थान में स्तरोन्नत करने, कसौली योजना क्षेत्र का पुनर्गठन कर कसौली योजना क्षेत्र से कुछ क्षेत्रों को बाहर करने और इन क्षेत्रों का नियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, जाबली में शामिल करने को भी मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तडन में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, पीएम आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत डॉ.राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय मंडी, डॉ.राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाना, शिमला, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा और नागरिक अस्पताल मनाली में 50-50 बिस्तरों वाले 8 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और जोनल अस्पताल धर्मशाला, जोनल अस्पताल मंडी और दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल शिमला में तीन जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाएं खोलने का निर्णय लिया।
