महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत मामले में आनंद गिरि से सीबीआई ने 7 घन्टे तक की पूछताछ
महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई कई लोगों से पूछताछ कर रही है। सीबीआई इस गुत्थी को सुलझाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी सिलसले में बीती रात महंत के शिष्य आनंद गिरि से भी सीबीआई ने घंटों तक पूछताछ की। सीबीआई की टीम आनंद गिरि को देर रात हरिद्वार स्थित श्यामपुर आश्रम ले गई थी, जहाँ सीबीआई ने करीब साढ़े 7 घंटे तक आनंद से पूछताछ की। आनंद गिरि से पूछताछ के बाद एचआरडीए ने आश्रम को फिर से सील कर दिया है। सीबीआई जांच के लिए आश्रम को खोला गया था। सीबीआई की टीम आनंद गिरी को फिलहाल आश्रम से दूसरी जगह ले गई है। सीबीआई ने आश्रम से आनंद गिरि का लैपटॉप बरामद किया है, इसके अलावा सीबीआई निर्माणाधीन आश्रम में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालेगी। बताया जा रहा है की सीबीआई की टीम आज भी हरिद्वार में रहेगी। गौरतलब है कि 20 सितंबर को महंत नरेंद्र गिरि ने अपने मठ में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके कथित सुसाइड नोट में बलवीर गिरि को इस मठ का महंत बनाने की बात कही गई थी। महंत नरेंद्र गिरि के वकील ऋषि शंकर द्विवेदी के मुताबिक, नरेंद्र गिरि ने अपनी आखिरी वसीयत चार जून, 2020 को बलवीर गिरि के नाम लिखी थी और वही मान्य है।
