छत्तीसगढ़ : रायगढ़ जिला में शत प्रतिशत पूरा हुआ कोरोना टीकाकरण अभियान
शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण की श्रेणी में अब रायगढ़ जिले ने एक इतिहास रच दिया है। रायगढ़ जिला अब देश के उन टॉप जिलों में शामिल हो गया है, जहां कोविड वैक्सीनेशन कार्य सबसे पहले पूरा कर लिया गया है। रायगढ़ जिले में टीकाकरण की शुरूआत 16 जनवरी 2021 से हुई थी। मात्र 298 दिनों में जिले ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन की टीम ने कड़ी मेहनत और परिश्रम से टीकाकरण के इस महत्वपूर्ण लक्ष्य को पूरा किया है। रायगढ़ जिले में 10 लाख 68 हजार 456 लोगों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य था। जिसे पूरा करते हुए लोगों को टीके के दोनों डोज लगाई जा चुकी है। जिले में अब तक पहला और दूसरा डोज मिलाकर कुल 21 लाख 47 हजार 169 टीके लगाए गए हैं। रायगढ़ जिला टीकाकरण के मामले में पूरे प्रदेश में शुरू से अव्वल रहा है और इस उपलब्धि से जिले ने टीकाकरण के मामले में ना केवल राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है, बल्कि देश के ऐसे टॉप जिलों में अपनी जगह बनाई है, जिन्होंने सबसे पहले अपनी आबादी को टीकाकरण का दोनों डोज लगा दिए हैं।
