सीएम भूपेश बघेल ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, कोरोना से जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की उठाई मांग
कोरोना महामारी से जान गंवाने वाले परिजनों को 4 लाख राहत राशि देने की कांग्रेस ने मांग की है। कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के इस मांग पर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने समर्थन किया है। सीएम भूपेश बघेल प्रधानमंत्री को एक पत्र लिख कर कोरोना संक्रमण से मृतक व्यक्ति के परिवारों को मुआवजा के रूप में पूर्व घोषित 4 लाख रूपए की राशि देने के लिए आवश्यक पहल करें।
प्रधानमंत्री को भेजी गई चिट्ठी में सीएम बघेल ने लिखा है कि केन्द्र सरकार गृह मंत्रालय द्वारा 14 मार्च 2020 को जारी अपने पहले आदेश को लागू करें, जिसमें सरकार ने प्रति मृतक 4 लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री बघेल ने चिट्ठी में यह भी अवगत कराया है कि केन्द्र सरकार ने बाद में इस अधिसूचना में संशोधन किया और मुआवजे की राशि को घटकार 50 हजार रूपए कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय में मृतक के परिवार को 4 लाख रूपए की राशि प्रदान करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री बघेल ने चिट्ठी में यह भी लिखा है कि एक लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा पर आधारित राष्ट्र की यह जिम्मेदारी है कि वह जरूरत के समय अपने नागरिकों की देखभाल करें। हमने अपने राज्य में इस कठिन समय में लोगों की मदद करने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है। हमें उम्मीद है कि केन्द्र सरकार भी इस जिम्मेदारी को साझा करेगी।
