सीएम जयराम ने अनुबंध कर्मचारियों को दी राहत, अनुबंध कर्मियों की फाइल पर किए हस्ताक्षर
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है। शुक्रवार को सीएम जयराम ने अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण सेवाकाल तीन से घटाकर दो साल करने के फैसले की फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए है। बता दें कि सीएम जयराम ने बीती जेसीसी की बैठक में अनुबंध कर्मचारियों का नियमितीकरण सेवाकाल तीन से घटाकर दो साल करने का फैसला किया था। जिसके बाद बीते शुक्रवार को अनुबंध कर्मियों का नियमितीकरण सेवाकाल तीन साल से दो साल घटाने के अलावा दैनिक वेतनभोगियों का सेवाकाल पांच से घटाकर नियमितीकरण की अवधि चार साल करने की मंजूरी भी दे दी गई है। सभी विभागों में अंशकालिक कर्मचारियों को दैनिक वेतनभोगी बनाए जाने का सेवाकाल भी एक साल घटाने की फाइल पर भी हस्ताक्षर कर लिए। यह अधिसूचना सोमवार को जारी हो सकती है।
