दीवाली पर सीएम केजरीवाल का दिल्ली के कारोबरियों को तोहफा, नए पोर्टल का किया ऐलान
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिवाली से पहले कारोबारियों को खास तोहफा दिया है। अरविंद केजरीवाल ने एक नए पोर्टल का ऐलान किया है, जिस पर दिल्ली का सामान बिकेगा। दिल्ली के हर मार्केट की जानकारी इस पोर्टल पर होगी। इससे फायदा यह होगा कि पूरी दुनिया में दिल्ली का सामान बिकेगा। इस पोर्टल का नाम दिल्ली बाजार होगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के कारोबारी, उद्योगपतियों, व्यापारियों का कारोबार बढ़ाने के लिए नई पहल करने जा रहे है। दिल्ली बाजार नाम से नई वेबसाइट/पोर्टल तैयार कर रहे हैं। इसमें हर दुकान को हर प्रोफेशनल को हर संस्थान को जगह मिलेगी। अगर किसी की दुकान है तो उस वेबसाइट पर वह उस प्रोडक्ट को डिस्प्ले कर सकता है। सीएम ने आगे ऐप के फायदे गिनवाते हुए कहा कि सभी कारोबारी देश के अलावा दुनिया के लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इस पोर्टल पर वर्चुअल बाजार तैयार किए जा रहे हैं जैसे दिल्ली में खान मार्केट है इस पोर्टल पर वर्चुअल खान मार्केट बन जाएगा। जैसे लाजपत नगर मार्केट है, ऐसे ही इसमें वर्चुअल लाजपत नगर मार्केट बनेगा। छोटी-बड़ी सभी मार्केट इसमें होंगी। इस पोर्टल के अंदर जाकर मार्केट के अंदर जाकर दुकान में शॉपिंग करके आ सकते हैं।
