क्रूज़ ड्रग केस : समीर वानखेड़े पर करोड़ों की डील के आरोपों की आज शुरू होगी जांच
आर्यन खान ड्रग केस की जांच कर रहे NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर करोड़ों की डील करने के आरोपों की आज इंटरनल जांच की जाएगी। जांच के लिए 5 लोगों की टीम आज सुबह 9 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। इस टीम के साथ विजिलेंस चीफ ज्ञानेश्वर सिंह भी होंगे। ये सभी अधिकारी NCB की विजिलेंस विंग के हैं। वहीं इस बीच, NCB ने केपी गोसावी के बॉडीगार्ड और इस मामले में स्वतंत्र चश्मदीद गवाह प्रभाकर सैल को भी समन जारी किया है। कहा जा रहा है कि टीम प्रभाकर सैल से भी पूछताछ करेगी। प्रभाकर को आज दोपहर 12 बजे NCB दफ्तर बुलाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वानखेड़े पर फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट लगाकर सरकारी नौकरी पाने के आरोप के बाद महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। नवाब ने समीर वानखेडे के खिलाफ SIT जांच कराने की मांग की है। वहीं समीर वानखेड़े और एनसीबी के अन्य अधिकारियों के खिलाफ रिश्वत के आरोपों की जांच के लिए विजिलेंस की टीम आज जांच करेगी।
