हमीरपुर अस्पताल के वार्ड के गटर से मिला मृत बच्चे का शव
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अस्पताल के वार्ड के एक गटर से मृत बच्चे का शव बरामद किया गया है। मामला सदर पुलिस थाना हमीरपुर में दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एक वार्ड में अचानक टॉयलेट का गटर ब्लॉक हो गया। गटर की सफाई के दौरान यहां पर बच्चे का शव बरामद किया गया। माना यह जा रहा है कि मृत बच्चे को पैदा होने के बाद यहां पर किसी ने फेंक दिया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह नवजात कितने महीने का था। सदर पुलिस थाना हमीरपुर ने बच्चे का पोस्टमार्टम भी करवा लिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो हो पाएगा कि बच्चा मृत पैदा हुआ था या फिर बाद में इसकी मौत हुई है। फिलहाल यह मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ संजीव गौतम ने बताया कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर प्रबंधन की तरफ से देर शाम यह शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया गया है तथा अब आगामी कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ रमेश चौहान का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की उम्र का अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितने महीने का था। पोस्टमार्टम में यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि बच्चे की मौत जन्म से पहले हुई थी या फिर बाद में। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मेडिकल कॉलेज इस जांच में पूरा सहयोग दे रहा है।
