पंजाब के 32 किसान संगठनों में विधानसभा चुनाव में समर्थन न देने का लिया फैसला
पंजाब के 32 किसान संगठनों ने शनिवार को कहा कि वे राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी का समर्थन नहीं करेंगे या चुनाव में भाग नहीं लेंगे। दूसरी ओर आज ही भारतीय किसान यूनियन के एक नेता ने चुनाव लड़ने के लिए राजनीतिक संगठन बनाया। ये किसान संगठन केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल थे। लुधियाना से करीब 20 किलोमीटर दूर मुल्लांपुर दाखा में एक संयुक्त बैठक में चुनाव में किसी राजनीतिक दल का समर्थन नहीं करने या चुनाव में भाग नहीं लेने का फैसला लिया गया। उन्होंने राजनीतिक संगठन बनाने और पंजाब चुनाव लड़ने के भारतीय किसान यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढूनी के फैसले को व्यक्तिगत फैसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने किसानों के सभी प्रकार के कर्जों को माफ करने और कृषि कानूनों के विरूद्ध आंदोलन के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज किये गये मामले वापस लेने का वादा किया था लेकिन अबतक सरकार ने कोई शुरुआत नहीं की है, किसान संगठन इन दोनों मांगों से कम स्वीकार नहीं करेंगे।
