जहरीली हुई दिल्ली की हवा, AQI-436 के साथ राजधानी की वायु गुणवत्ता 'गंभीर'
दिवाली के दो दिन बाद दिल्ली की हवा में बिल्कुल भी सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। रविवार को भी राजधानी की हवा 'गंभीर श्रेणी' में है। आज भी दिल्ली का AQI 436 है, जो कि 'खतरनाक' श्रेणी' में आता है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि आज दिल्ली में तेज हवा चलने का अनुमान है, जिसकी वजह से प्रदूषण से लोगों को राहत मिलेगी और हवा की क्वालिटी बेहतर होगी। पहले से ही प्रदूषण की मार सह रहे दिल्ली को दिवाली की पटाखों ने बुरी तरह से प्रदूषित कर दिया है,जिसकी वजह से यहां हवा की क्वालिटी काफी खराब हो गई है। दिल्ली के अस्पतालों में सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन के साथ आने वाले रोगियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, दिल्ली में पटाखोंके साथ-साथ पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटना ने इस साल स्थिति और खराब कर दी है।
बता दें कि डार्क रेड जोन में केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे एनसीआर की हवा इस वक्त प्रदूषित है। शनिवार को गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा समेत एनसीआर के कई शहर डार्क रेड जोन में दर्ज किए गए है। कल गाजियाबाद का AQI 466, ग्रेटर नोएडा का AQI 414, नोएडा में AQI 461, फरीदाबाद में AQI 449, बल्लभगढ़ का AQI 431 और गुरुग्राम में AQI 456 दर्ज किया गया, जो कि अच्छा संकेत नहीं है। गौरतलब है कि AQI वह संख्या है जिसका इस्तेमाल सरकारी एजेंसियां वायु प्रदूषण के आंकलन के लिए करती हैं।
