देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी द्रौपदी मुर्मू
द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर चुनी गई हैं। उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को मात देकर बड़े अंतर से राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगीं। हालांकि ये पहले से ही साफ हो चुका था कि मुर्मू ही भारत की अगली राष्ट्रपति होंगीं, क्योंकि उन्हें एनडीए दलों के अलावा कई बाहरी दलों ने भी अपना समर्थन दिया था। वहीं जब चुनाव हुआ तो उनके समर्थन में जमकर क्रॉस वोटिंग भी हुई, जिसका नतीजा ये निकला कि मुर्मू की 64 फीसदी वोट के साथ शानदार जीत हुई।
इस तरह हुई मतगणना
सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की गयी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू हुई। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली गयी।
1 लाख 35 हजार गांवों में मनेगा द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न
द्रौपदी मुर्मू जीत का जश्न 1 लाख 35 हजार गावों में मनाया जायगा। इसके लिए बीजेपी ने जश्न की तैयारी पूरी कर ली है। दिल्ली में बीजेपी रोडशो भी निकालेगी। सांसदों को भी यह काम सौंपा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में यह बात पहुंचाये कि मोदी सरकार ने आदिवासी चेहरे को सर्वोच्च पद पर पहुंचाया है।
12 राज्यों में 100 फीसदी मतदान हुआ
जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग संपन्न होने के बाद राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया था कि संसद भवन में कुल मतदान 99.18% हुआ था।
25 को शपथ ग्रहण, भाजपा कार्यालय में जश्न की तैयारी
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करें।