कृषि कानून की वापसी के ऐलान के बाद भी अपनी जगह से हिलने को तैयार नहीं किसान, सरकार पर दबाव बनाने के लिए पहुचेंगे दिल्ली
एमएसपी को कानूनी अधिकार मिले और बिजली बिल का ड्राफ्ट वापस लेने समेत अपनी मांगों को मनवाने के लिए धरने पर बैठे किसानों ने दिल्ली कूच करने की तैयारी कर ली है। ये सभी किसान 26 नवंबर को आंदोलन के एक साल पूरा होने के मौके पर और सरकार पर दबाव बनाने के लिए दिल्ली पहुचेंगे। आंदोलन में शामिल किसान तीनों कृषि कानून की वापसी के ऐलान के बाद भी अपनी जगह से हिलने को तैयार नहीं हैं। 26 नवंबर को आंदोलन के एक साल पूरे होने के मौके पर 25 नवंबर को पंजाब से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर आ सकते हैं। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा संख्या में किसान दिल्ली की ओर कूच करें इसके लिए पंजाब के गांव-गांव में किसान संगठन मीटिंग कर रहे हैं। दिल्ली कूच को लेकर किसान नेता दर्शन सिंह ने कहा कि 25 को हम खनोरी बॉर्डर पर इकट्ठा होंगे और 26 को जब हमारे संघर्ष को 1 साल हो जाएगा तो हम दिल्ली पहुंचेंगे। किसानों ने दिल्ली पहुंचने के लिए तगड़े इंतजाम कर रखे हैं. दिल्ली की ओर आने वाले किसानों की रैली में महिलाएं भी शामिल हैं। ये महिलाएं अपना फंड इकट्ठा कर रही हैं।
