अक्टूबर में भी आसमानी आफत का नहीं हो रहा अंत
इस साल अक्टूबर में भी आसमानी आफत का अंत नहीं हो रहा है। देश में जल्द ही ठंडक दस्तक देने वाली है और कुछ हिस्सों में तो गुलाबी ठंड का एहसास होने भी लगा है। यूपी में बारिश सबसे ज्यादा तबाही मचा रही है। बिहार में भी बाढ़ का कहर देखने को मिल रहा है। मुंबई में बारिश से मुसीबत बढ़ सकती है। दिल्ली में मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। पूरे देश में मौसम अपने अलग-अलग रंग दिखा रहा है। मॉनसून की विदाई के बाद भी आसमानी आफत से लोग हैरान और परेशान हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर नया चक्रवातीय दबाव केंद्र बन रहा है। अरब सागर में भी कर्नाटक व कोंकण तट के बाद नया चक्रवातीय क्षेत्र बन रहा है, जिसके चलते इस हफ्ते कुछ राज्यों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड व हिमाचल के कई हिस्सों में बर्फबारी भी शुरू हो चुकी है। भारत मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के ज्यादातर शहरों में 18 अक्टूबर तक मौसम सामान्य रहेगा।
