आंंध्र प्रदेश में बाढ़ से मची तबाही, अब तक 34 लोगों की हुई मौत, 10 लापता
आंध्र प्रदेश में बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है, जबकि 10 और लोगों का अभी भी लापता है। यह जानकारी राज्य सरकार ने सोमवार को दी। एसपीएस नेल्लोर जिले के पादुगुपाडु के पास क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद विजयवाड़ा-चेन्नई खंड में एक रेलवे लाइन को सोमवार को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया। चेन्नई-कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग-16 को भी वाहनों के आवागमन के लिए आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। यह शनिवार देर रात से एसपीएस नेल्लोर जिले में कटा हुआ था। चित्तूर, अनंतपुरमू, कडपा और एसपीएस नेल्लोर जिलों में बाढ़ पर विधानसभा में बयान देते हुए कृषि मंत्री के.कन्ना बाबू ने कहा कि 34 मृतकों में बचाव दल के तीन सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान में जान गंवाने वाले सरकारी कर्मचारियों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये का भुगतान किया जाएगा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी।
